उत्तराखंड को जल्द ही अपना पहला खेल विश्वविद्यालय मिलने जा रहा है। राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय की स्थापना प्रक्रिया को तेज करते हुए तीन शीर्ष पदों – कुलपति, कुलसचिव और वित्त नियंत्रक – पर अस्थायी नियुक्तियों को हरी झंडी दे दी है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस, 29 अगस्त 2025 को विश्वविद्यालय का शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित है। इससे पहले प्रशासनिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सरकार ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों को अस्थायी रूप से पद सौंपे हैं।
अस्थायी तौर पर इन अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
- कुलपति: अमित सिन्हा (विशेष प्रमुख खेल सचिव)
- कुलसचिव: आशीष चौहान (खेल निदेशक)
- वित्त नियंत्रक: वी. एन. पांडे (खेल निदेशालय के वित्त अधिकारी)
इन पदों पर तैनाती अस्थायी रूप से अधिकतम एक वर्ष या स्थायी नियुक्ति होने तक प्रभावी रहेगी। खेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह कदम विश्वविद्यालय की मान्यता और संचालन से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए उठाया गया है।
वेतनमान भी निर्धारित, लेकिन अस्थायी अधिकारियों को नहीं मिलेगा अतिरिक्त भत्ता
राज्यपाल ने उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय विधेयक, 2025 के तहत तीनों पदों के सृजन की मंजूरी दे दी है और उनके लिए वेतनमान भी तय किए गए हैं।
- कुलपति: ₹2,10,000 मासिक + ₹5,000 विशेष भत्ता
- कुलसचिव: ₹78,800 से ₹2,09,200 (सीधी भर्ती या प्रतिनियुक्ति द्वारा)
- वित्त नियंत्रक: ₹1,23,100 से ₹2,15,900 (प्रतिनियुक्ति द्वारा)
हालांकि, अस्थायी तौर पर नियुक्त अधिकारियों को कोई अतिरिक्त वेतन या भत्ता नहीं दिया जाएगा।
मंत्री ने दिए निर्देश, तेजी से शुरू हों गतिविधियां
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़े सभी प्रारंभिक प्रशासनिक कार्यों को इन अधिकारियों के माध्यम से तुरंत संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं और सरकार चाहती है कि विश्वविद्यालय की गतिविधियां जल्द से जल्द धरातल पर उतरें।
खेल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
राज्य में यह पहला खेल विश्वविद्यालय होगा, जो युवाओं को खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब राज्य में ही उच्च गुणवत्ता की खेल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
Discover more from The Doon Mozaic | द दून मोज़ेक
Subscribe to get the latest posts sent to your email.